किसान भाईयो उत्तर भारत में ठंड का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है ओर कई राज्यों में सर्दी ने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। दिल्ली में इस सीजन का सबसे न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस देखने को मिला है, जो सामान्य से काफी कम है। IMD के अनुसार, दिल्ली और नोएडा के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के साथ सर्द हवाओं ने गलन बढ़ा दी है। अगले एक हफ्ते तक दिल्ली-एनसीआर में इसी तरह की भीषण सर्दी रहने की संभावना है, जहां अधिकतम तापमान भी 16-17 डिग्री के आसपास ही बना रहेगा।
उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में भी स्थिति गंभीर बनी हुई है। उत्तर प्रदेश के लखनऊ, कानपुर और मध्य यूपी के जिलों में न्यूनतम तापमान में 3 से 6 डिग्री तक की भारी गिरावट देखी गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के कारण वहां से आने वाली ठंडी और शुष्क हवाओं ने पूरे मैदानी इलाकों को अपनी चपेट में ले लिया है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों के लिए अलर्ट जारी किया है, क्योंकि आने वाले कुछ दिनों तक रात के तापमान में और भी कमी आने की आशंका जताई गई है।




















